सीबीएसई परीक्षा परिणाम में सेंट जोसफ स्कूल का शानदार प्रदर्शन, छात्रों ने लहराया सफलता का परचम
चंदौली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Central Board of Secondary Education) द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित होते ही पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई। चहनिया स्थित सिंत जोसेफ स्कूल (St. Joseph School) के छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के साथ-साथ अपने माता-पिता और पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में जश्न जैसा माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरों पर सफलता की चमक साफ नजर आई।
विद्यालय की छात्रा रिया सिंह ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शानदार प्रदर्शन किया और टॉपर्स में अपना स्थान बनाया। रिया के पिता सभाजीत सिंह हैं। अपनी सफलता पर रिया ने कहा कि उनका सपना भविष्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सी.ए.) बनकर देश की सेवा करना है।
वहीं छात्र मुहम्मद सैफ अंसारी ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उनके पिता मुहम्मद निसार अहमद हैं। सैफ ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए बताया कि उनका लक्ष्य इंजीनियर बनकर तकनीकी क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करना है।
इसी क्रम में छात्रा प्रियंका गुप्ता ने 88.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनके पिता राजेंद्र प्रसाद गुप्ता हैं। प्रियंका ने बताया कि वह इंजीनियर बनकर अपने सपनों को साकार करना चाहती हैं।
छात्रा लक्ष्मी मौर्या ने भी 88.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उनके पिता बृजेश कुमार हैं। लक्ष्मी का सपना डॉक्टर बनकर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।
इसके अलावा छात्रा आयुषी सिंह ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी सफलता दर्ज की। उनके पिता सुभाष सिंह हैं। आयुषी ने बताया कि उनका लक्ष्य भी डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना है।
वहीं छात्रा प्राची कुमारी ने 82.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। उनके पिता सुजीत कुमार हैं। प्राची भी चिकित्सा क्षेत्र में अपना भविष्य बनाकर समाज की सेवा करना चाहती हैं।
विद्यालय के प्रिंसिपल अनिल जोसेफ ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता बच्चों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी उन्हें बेहतर शिक्षा एवं मार्गदर्शन प्रदान करता रहेगा।
परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यालय परिसर में मिठाइयां बांटी गईं और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया। पूरे क्षेत्र में इन होनहार विद्यार्थियों की सफलता की चर्चा हो रही है। यह परिणाम न केवल विद्यालय के लिए बल्कि पूरे चहनिया क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।


















