सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने बिजली संकट, सिंचाई और जातीय संघर्ष पर सरकार को घेरा, दो मंत्रियों को ठहराया जिम्मेदार

131

सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने बिजली संकट, सिंचाई और जातीय संघर्ष पर सरकार को घेरा, दो मंत्रियों को ठहराया जिम्मेदार

चंदौली : जिले के ज्वलंत मुद्दों पर मंगलवार को सियासत गरमा गई जब समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट में डीएम सहित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक का केंद्र बिंदु बना — बिजली कटौती, सिंचाई संकट और हाल ही में चौबेपुर थाना क्षेत्र के छतौना गांव में दो समुदायों के बीच हुआ खूनी संघर्ष। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद वीरेंद्र सिंह ने भाजपा की नीतियों पर करारा हमला बोला। उन्होंने छतौना कांड को सीधे भाजपा की “जातिवादी राजनीति” का परिणाम बताया और दो बड़े नेताओं — पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर — को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।

सांसद ने निष्पक्ष जांच की मांग

सांसद ने कहा, “भाजपा सत्ता की राजनीति नहीं, जाति की राजनीति करती है। यही वजह है कि वर्चस्व की लड़ाई गांव-गांव में टकराव का कारण बन रही है। एक ओर पूर्व मंत्री महेंद्रनाथ पाण्डेय अपने जाति विशेष के पक्षधर हैं, वहीं दूसरी ओर अनिल राजभर अपनी जाति का झंडा बुलंद करते हैं। यह टकराव भाजपा के भीतर की वर्चस्व की लड़ाई है, जिसमें आम लोग पिस रहे हैं।” सांसद ने साफ किया कि सपा ऐसी राजनीति से परे है और वह पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

धान रोपाई के समय बिजली-पानी की मार से किसान बेहाल

बैठक में सांसद ने किसानों की पीड़ा को भी मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि धान की रोपाई का समय चल रहा है, लेकिन जिले के टेल इलाकों में बिजली की भारी कटौती और नहरों में पानी न होने से किसान बेहाल हैं। खास तौर पर चकिया, नौगढ़, सकलडीहा जैसे क्षेत्रों में किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई संकट पर जिलाधिकारी ने जवाब देते हुए कहा कि विशेष निगरानी टीम का गठन किया जाएगा और समय-समय पर रिपोर्ट ली जाएगी, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

गंगा कटान पर जताई चिंता

इसके अलावा सांसद ने गंगा कटान की गंभीर समस्या पर भी चिंता व्यक्त की और बताया कि जल शक्ति मंत्रालय से इसके लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा, जिससे प्रभावित क्षेत्रों को राहत मिलेगी।

इस अहम बैठक में सपा विधायक प्रमु नारायण सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सत्यानारायण राजभर, नफीस अहमद, ईशान मिल्की, दिलीप पासवान समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के बाद कलेक्ट्रेट परिसर राजनीतिक हलचल का केंद्र बन गया।