जनसुनवाई में एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, 38 प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के दिए निर्देश
चन्दौली : जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को एसपी ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 38 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत के संबंध में संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर मामले के शीघ्र एवं न्यायोचित निस्तारण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि प्रत्येक मामले में तथ्यों की जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना चन्दौली पुलिस की प्राथमिकता है। जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक नागरिक की बात धैर्यपूर्वक और गंभीरता से सुनी जाए तथा शिकायत के गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले नागरिकों, आवेदकों एवं फरियादियों के साथ शिष्ट, संवेदनशील एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और संबंधित अधिकारी शिकायतों की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।


















