मुगलसराय में संदिग्धों और हिस्ट्रीशीटरों की सघन चेकिंग, 10 पर कार्रवाई

16

मुगलसराय में संदिग्धों और हिस्ट्रीशीटरों की सघन चेकिंग, 10 पर कार्रवाई

चन्दौली : थाना मुगलसराय पुलिस ने गुरुवार को क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान हिस्ट्रीशीटरों का भौतिक सत्यापन करने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों और मौजूदगी का सत्यापन किया। इस दौरान एक हिस्ट्रीशीटर अपने घर पर मिला। पुलिस ने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ संबंधित अभिलेख भी अपडेट किए।

अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में कुल 80 लोगों को चेक किया। इनमें 15 संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ एवं सत्यापन किया गया। आवश्यक कार्य से आवागमन करने वाले पांच लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि सार्वजनिक मार्गों पर अनावश्यक रूप से घूमने तथा शराब के नशे में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले 10 लोगों के खिलाफ धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में आए लोगों में प्रशान्त कुमार निवासी नेवाजगंज, चकिया, प्रांजल यादव निवासी बसन्तों की मढ़ई, अलीनगर, लक्ष्मण यादव निवासी कुढ़ेखुर्द, आदित्य, अनिल कुमार, लकी, अमित चौहान निवासी अमोघपुर, अलीनगर, सूरज चौहान निवासी संगलूपुर, चौबेपुर, वाराणसी, शमशेर निवासी चन्धासी हरिजन बस्ती तथा मनोज शर्मा निवासी प्लान डिपो, मुगलसराय शामिल हैं।

चेकिंग अभियान में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के साथ उपनिरीक्षक दीनानाथ सिंह, उपनिरीक्षक सीताराम यादव, हेड कांस्टेबल बसन्त सिंह, कांस्टेबल विशाल वर्मा समेत थाना मुगलसराय के समस्त चौकी एवं हल्का प्रभारी मय हमराह शामिल रहे। पुलिस ने क्षेत्र में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।