सुरक्षा को लेकर सपा नेता मनोज सिंह डब्लू डीएम से मिले, हत्या की साजिश की जताई आशंका

197

सुरक्षा को लेकर सपा नेता मनोज सिंह डब्लू डीएम से मिले, हत्या की साजिश की जताई आशंका

चंदौली : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग से मुलाकात की और अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने सुरक्षा में तैनात कर्मी को हटाए जाने और असलहों की जांच को सत्ता पक्ष की राजनीतिक साजिश करार दिया। साथ ही आशंका जताई कि सत्ता पक्ष के लोग उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं।

जनहित में सवाल उठाना बना खतरा

पूर्व विधायक ने कहा कि वह बतौर जनप्रतिनिधि आम जनता की समस्याओं को बेबाकी से उठाते हैं और सरकार से सीधे सवाल करते हैं। यही कारण है कि सत्ता पक्ष से जुड़े बाहुबली जनप्रतिनिधियों और ठेकेदारों से उनका टकराव लगातार बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कर्मी हटने के बाद उनके परिवार और समर्थकों में भय का माहौल है, और आशंका है कि कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है।

सुरक्षा हटाना साजिश का हिस्सा : मनोज सिंह डब्लू

मनोज सिंह डब्लू ने हाल ही में धानापुर में सुरक्षा हटाए जाने के बाद हुई हत्या की घटना का भी उल्लेख किया और कहा कि जिले में जिस तरह से अपराधों की घटनाएं बढ़ रही हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा हटाना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने जिले की पुलिस और खुफिया तंत्र की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और कहा कि उन्हें यह भी जानकारी नहीं होती कि किस व्यक्ति के पास असलहा है या नहीं।

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर हुए डीएम

पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी से मजूबत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर डीएम चन्द्रमोहन गर्ग ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समेत उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान उनके साथ गुड्डू सिंह, अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह समेत कई समर्थक मौजूद रहे।