आपराधिक मामलों में लिप्त पांच शस्त्र लाइसेंसधारकों के लाइसेंस होंगे निरस्त, पुलिस ने भेजी रिपोर्ट
चंदौली : जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। पुलिस विभाग ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पांच शस्त्र लाइसेंसधारकों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग को भेज दी है। रिपोर्ट के आधार पर इन सभी के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण एवं संबंधित थाना प्रभारियों की संस्तुति के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इन सभी लाइसेंसधारकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे पंजीकृत हैं, जो सार्वजनिक शांति के लिए खतरा बन सकते हैं।
ये हैं आरोपी लाइसेंसधारक
◆ चंद्रभूषण सिंह, पुत्र राम अवध सिंह, निवासी महुजी – इनके खिलाफ मुकदमा संख्या 51/2020, धारा 307 IPC के तहत थाना कंदवा में मामला दर्ज है।
◆ महेंद्र यादव, पुत्र राधे यादव, निवासी सुढना – इन पर मुकदमा संख्या 126/2015, धाराएं 147, 148, 149, 323, 504, 506, 452, 427 व 325 IPC के तहत भी थाना कंदवा में केस दर्ज है।
◆ नवनीत कुमार सिंह, पुत्र वीरेन्द्र सिंह, निवासी घोसवा – इनके खिलाफ हाल ही में मुकदमा संख्या 262/2024, धाराएं 191(2), 115(2), 151(2), 324(2) BNS में मामला दर्ज हुआ है।
◆ सूरज कुमार सिंह, पुत्र विरेन्द्र प्रताप सिंह, निवासी घोसवा – इन पर भी उपरोक्त मुकदमा संख्या 262/2024 में ही नामजद कर कार्रवाई की जा रही है।
◆ रमेश कुमार यादव, निवासी पचखरी, थाना सकलडीहा – इनके पुत्र संदीप कुमार यादव ने 21 जुलाई 2025 को अपने पिता की लाइसेंसी राइफल से आत्महत्या कर ली थी। इस संवेदनशील प्रकरण के मद्देनज़र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है।
जिलाधिकारी स्तर पर होगी अंतिम कार्रवाई
पुलिस की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट में स्पष्ट तौर पर अनुशंसा की गई है कि सार्वजनिक सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए इन सभी शस्त्र लाइसेंसों को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। अब मामले की अंतिम कार्रवाई जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग के स्तर से की जाएगी। प्रशासन की इस पहल को जिले में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


















