दीप प्रज्वलन से शुरू हुई श्रीराम कथा, राम जन्म प्रसंग ने श्रद्धालुओं को किया भाव-विभोर

47

दीप प्रज्वलन से शुरू हुई श्रीराम कथा, राम जन्म प्रसंग ने श्रद्धालुओं को किया भाव-विभोर

चंदौली : क्षेत्र के मसोई हनुमान मंदिर प्रांगण में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. विनय प्रकाश तिवारी (संस्थापक, LTP Calculator व डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल) ने दीप प्रज्वलन कर किया। मानस परिवार सेवा समिति द्वारा आयोजित यह कथा 24 अप्रैल से 2 मई तक चलेगी।

कथा के दौरान कथा व्यास परमपूज्य श्री अतुल कृष्ण भारद्वाज जी महाराज ने भगवान की भक्ति, धर्म और जीवन मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ईश्वर की प्राप्ति निर्मल और निष्कपट मन से ही संभव है। जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब भगवान अवतार लेकर धर्म की रक्षा करते हैं।

अयोध्या यात्रा सेवा की सराहना

कथा व्यास ने मंच से डॉ. विनय प्रकाश तिवारी द्वारा संचालित निःशुल्क अयोध्या तीर्थयात्रा सेवा की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज में सेवा और आस्था की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

ऋषियों के जीवन से मिली सीख

कथा के प्रथम दिन अगस्त मुनि, याज्ञवल्क्य ऋषि और भारद्वाज मुनि के जीवन प्रसंगों का वर्णन करते हुए उनके तप, त्याग और ज्ञान की महत्ता बताई गई।

राम जन्म प्रसंग पर उमड़ा जनसैलाब

दूसरे दिन भगवान श्रीराम के जन्म का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा के दौरान जैसे ही राम जन्म का भजन गूंजा, पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में सराबोर हो उठे और पुष्प वर्षा से वातावरण भक्तिमय हो गया।

युवाओं को संस्कृति से जुड़ने का संदेश

कथा के दौरान धर्म और संप्रदाय के अंतर को समझाते हुए युवाओं को अपनी संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया गया। साथ ही माताओं से गर्भावस्था में सात्विक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया, ताकि आने वाली पीढ़ी संस्कारित बन सके।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूर्यमुनि तिवारी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मसोई हनुमान मंदिर में आयोजित यह रामकथा पिछले 14 वर्षों से क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।