चकिया पुलिस का बड़ा खुलासा, 12 घंटे में ₹16 लाख की ठगी का पर्दाफाश, अंतर्राज्यीय गिरोह के 7 शातिर गिरफ्तार

128

चकिया पुलिस का बड़ा खुलासा, 12 घंटे में ₹16 लाख की ठगी का पर्दाफाश, अंतर्राज्यीय गिरोह के 7 शातिर गिरफ्तार

चंदौली : जनपद की चकिया पुलिस ने तत्परता और कुशल रणनीति का परिचय देते हुए ज्वैलर्स से ₹16 लाख की ठगी की वारदात का महज 12 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने अंतर्राज्यीय ठग गिरोह के 7 शातिर अभियुक्तों (महिलाओं सहित) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹15.80 लाख नगद बरामद किए हैं। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता एक बार फिर साबित हुई है।

सुनियोजित तरीके से रची गई थी ठगी

घटना 23 अप्रैल की है, जब थाना चकिया क्षेत्र के बरहुवां गांव स्थित शशि ज्वैलर्स के संचालक शशि प्रकाश वर्मा को एक संगठित गिरोह ने अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने पहले छोटे-छोटे असली सोने के दाने बेचकर ज्वैलर का विश्वास जीता। इसके बाद 100 ग्राम से अधिक सोना सस्ते दाम पर देने का लालच देकर ₹16 लाख की बड़ी रकम ले ली।

लेन-देन के बाद जब व्यापारी ने पोटली खोली, तो उसमें सोने की जगह नकली चमकदार धातु के टुकड़े (गुरिया) निकले। ठगी का एहसास होते ही व्यापारी के होश उड़ गए, लेकिन तब तक आरोपी महिलाएं और बच्चे सहित मौके से फरार हो चुके थे।

मुकदमा दर्ज होते ही हरकत में आई पुलिस

पीड़ित की तहरीर पर थाना चकिया में मु0अ0सं0-105/2026 के तहत धारा 316(2), 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जिसमें सर्विलांस सेल को भी सक्रिय किया गया।

सर्विलांस व मुखबिर की सूचना से मिली बड़ी सफलता

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 26 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम बेलावर के पिछवाड़े स्थित पहाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी कर गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ठगी की रकम में से ₹15.80 लाख बरामद किए गए।

पूछताछ में खुला गिरोह का राज

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे एक संगठित घुमंतू/खानाबदोश गिरोह के सदस्य हैं। ये लोग खुद को उड़ीसा की सोने की खदानों में काम करने वाला बताकर लोगों को भरोसे में लेते थे। पहले असली सोने के छोटे टुकड़े देकर विश्वास जीतते और फिर बड़ी डील के नाम पर नकली धातु थमा कर फरार हो जाते थे। वारदात के बाद यह गिरोह लगातार स्थान बदलकर अलग-अलग जनपदों में इसी तरह की ठगी करता था।

उड़ीसा के निवासी हैं सभी आरोपी

गिरफ्तार सभी 7 आरोपी उड़ीसा राज्य के भद्रक और जाजपुर जनपद के निवासी बताए गए हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है और अन्य राज्यों में भी इनके नेटवर्क की जांच की जा रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस सफलता में थाना चकिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा (प्रभारी सर्विलांस), अनिल कुमार पाण्डेय, हरेंद्र कुमार यादव, महिला उपनिरीक्षक खुशबू यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

क्षेत्र में बढ़ा भरोसा

घटना के त्वरित खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी से व्यापारियों और आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।