महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान सर्वोपरि, मिशन शक्ति अभियान में पुलिस ने किया जागरूक
चन्दौली : उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत शुक्रवार को पुलिस लाइन के नवीन सभागार में महिला सुरक्षा, सशक्तीकरण और लैंगिक समानता के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) दिगम्बर कुशवाहा एवं क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों की प्रधानाध्यापिकाएं, शिक्षिकाएं तथा अभिभावकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तीकरण, बालिकाओं की सुरक्षा तथा समाज में महिलाओं की समान भागीदारी पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रधानाध्यापिकाओं द्वारा मिशन शक्ति अभियान की भावना को अभिव्यक्त करते हुए प्रेरणादायक गीत एवं कविताओं का पाठन किया गया, जिससे सभागार में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा।
महिला सुरक्षा पर विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और अभिभावकों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन और लघु फिल्म के माध्यम से बच्चों के यौन शोषण, महिला हेल्पलाइन 1090 और अन्य आपातकालीन सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) दिगम्बर कुशवाहा ने बताया कि जिले के प्रत्येक थाने में “मिशन शक्ति केन्द्र” स्थापित किए गए हैं, जहाँ महिला पुलिसकर्मी महिलाओं की शिकायतें सुनती हैं और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करती हैं। उन्होंने बताया कि “एंटी रोमियो स्क्वॉड टीम” सादे वस्त्रों में सार्वजनिक स्थलों, स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास सतत रूप से निगरानी करती है ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि शोहदों व मनचलों के विरुद्ध कॉपवॉच ऐप के माध्यम से कार्रवाई की जाती है, जिसमें उनके नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज किए जाते हैं ताकि पुनः अपराध की स्थिति में तत्काल विधिक कार्रवाई की जा सके।
महिला अधिकारों एवं योजनाओं की जानकारी
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार ने महिलाओं से संबंधित अधिकारों और सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।
क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को अपने आत्मसम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करना चाहिए। उन्होंने पंपलेट्स वितरित कर महिलाओं और अभिभावकों को गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108, साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी।
साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सावधानीपूर्वक सोशल मीडिया के उपयोग की सलाह दी और बताया कि किसी भी प्रकार की घटना होने पर हेल्पलाइन पर तत्काल कॉल करने से गुप्त रूप से कार्रवाई की जाती है। उन्होंने POSH एक्ट के तहत आन्तरिक परिवाद समिति (Internal Complaints Committee) के गठन से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिए।
अधिकारियों की सहभागिता
इस अवसर पर प्रभारी महिला प्रकोष्ठ, प्रभारी वन स्टॉप सेंटर, प्रभारी महिला थाना, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि “मिशन शक्ति अभियान” का उद्देश्य केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाना है, ताकि वे समाज के प्रत्येक क्षेत्र में समान अधिकारों के साथ अपनी भूमिका निभा सकें।


















