महर्षि बाल्मीकि की धरती पर बच्चों ने दिखाई खेलों में दमदार प्रतिभा, विधायक ने प्रतियोगिता का किया उद्घाटन
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के बलुआ स्थित बाल्मीकि इण्टर कालेज के प्रांगण में गुरुवार को 27वीं माध्यमिक शिक्षा परिषद की जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर और ध्वजारोहण करके प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बीरेन्द्र तिवारी ने विधायक और अन्य गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया।
उद्घाटन समारोह की मार्च पास्ट में अमर शहीद इंटर कालेज, शहीद गांव को प्रथम स्थान, बाल्मीकि इंटर कालेज को द्वितीय स्थान और विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में गोला फेंक में बाल्मीकि इंटर कालेज के हर्षित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं जूनियर बालिका वर्ग में गोला प्रक्षेप में कमालपुर इंटर कालेज की सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ में कम्पोजिट विद्यालय रानेपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया, और हाई जम्प में सीनियर बालक वर्ग में बाबा कीनाराम इंटर कालेज के आदर्श ने बाज़ी मारी। सभी जूनियर बालिका वर्ग में बाल्मीकि इंटर कालेज की आयुषी ने अपनी चमक दिखाई।
विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने उद्घाटन अवसर पर कहा कि बाबा बाल्मीकि महर्षि की पावन धरती और माँ गंगा के तट पर स्थित यह ऐतिहासिक विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि खेलकूद के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा और खेल दोनों में बराबर भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा, “जनपद में कुल 34 विद्यालय हैं, लेकिन इस प्रतियोगिता में केवल 13 विद्यालय ही प्रतिभाग कर रहे हैं। इसे लेकर सभी को सोचने की आवश्यकता है।”
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि सभी विद्यालयों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के समापन के बाद एक बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें जिन स्कूलों ने भाग नहीं लिया, उनसे कारण पूछे जाएंगे।
कार्यक्रम में स्नातक विधायक आशुतोष सिन्हा, श्यामसुंदर सिंह, धनन्जय सिंह, प्रामेद कुमार, राजेश यादव, राजेन्द्र पाण्डेय, नन्दलाल गुप्ता, मनोज कुमार सिंह, केशव प्रसाद श्रीवास्तव, पुनील सिंह, दीलीप सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य बीरेन्द्र प्रताप तिवारी ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और संचालन प्रदीप कुमार सिंह ने किया।
इस प्रतियोगिता ने शिक्षा और खेल के समन्वय को नया आयाम दिया और बच्चों में प्रतिभा के विकास की संभावनाओं को उजागर किया।









