सड़क सुरक्षा पखवाड़ा समारोह का हुआ समापन, यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक
चंदौली : सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का समापन समारोह बुधवार को एसआरवीएस स्कूल प्रांगण में आयोजित किया गया. जिसमें बतौर मुख्यातिथि जॉइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर हर्षिका सिंह रही. कार्यक्रम के दौरान बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया. वही एआरटीओ प्रशासन डॉ सर्वेश गौतम ने गलत ढंग से सड़कों पर चलने वाले लोगों को जागरूक करने की अपील की. इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

उक्त मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर हर्षिका सिंह ने कहा कि जीवन अनमोल है. इसे बचाना आवश्यक है. इसके लिए सड़क सुरक्षा आमलोगों के लिए अनिवार्य है. तमाम नागरिकों का यह कर्त्तव्य बनता है कि गलत ढंग से सड़कों पर चलने वाले लोगों को जागरूक करें ताकि उनकी जीवन रक्षा हो सके. वही स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आप समाज का एक अंग है. सर्वप्रथम अपने घर को व समाज को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें. यदि आप खुद वाहन चलाते है तो यातायात नियम का पालन करें. जब हर घर में लोग यातायात नियमों के प्रति जागरूक हो जाएंगे तो दुर्घटनाओं में कमी आ जायेगी.

एआरटीओ प्रशासन डॉ सर्वेश गौतम ने आम नागरिकों को सजग होकऱ एक-दूसरे को सही करने का प्रयास करने की बातें कही. सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को सर्वप्रथम अपनी जिम्मेदारी को समझकर चलना होगा ताकि इनसे कोई लोग हताहत न हो. किसी की जान एक छोटी सी लापरवाही से जा सकती है. सावधानी हटी और दुर्घटना घटी. वही गलत ढंग से सड़कों पर चलने वाले लोगों को जागरूक करने की अपील की.
इस दौरान छत्रबली सिंह, आरटीओ आरआई अशोक कुमार यादव, टीआई सुरेंद्र यादव, बासु यादव सहित यातायात पुलिस के जवान, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.


















