चंदौली में बढ़ते तापमान को लेकर रेड अलर्ट, सभी सरकारी अस्पताल हाई अलर्ट पर, CMO ने जारी की एडवाइजरी
चंदौली : जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। प्रशासन की ओर से जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसके बाद सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को विशेष निर्देश दिए गए हैं ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिले के सभी CHC और PHC हाई अलर्ट पर
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. युगल किशोर राय ने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए अस्पतालों में विशेष तैयारियां की गई हैं।
जिला अस्पताल में बना अलग रजिस्ट्रेशन काउंटर
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अलग से रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाया गया है, ताकि मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े और उन्हें शीघ्र चिकित्सा सुविधा मिल सके। इसके साथ ही अस्पतालों में अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती भी की गई है ताकि मरीजों को ज्यादा देर तक इंतजार न करना पड़े।
सरकारी अस्पतालों में पंखा, कूलर और एसी की व्यवस्था
मरीजों की सुविधा के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में पंखे, कूलर और एसी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वहीं, इमरजेंसी सेवाओं को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि हीट स्ट्रोक या डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर स्थिति में तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके।
मरीजों के लिए निःशुल्क ORS काउंटर शुरू
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी अस्पतालों में ओआरएस काउंटर भी स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को निःशुल्क ORS उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गर्मी के कारण होने वाली पानी की कमी से बचाव किया जा सके।
CMO डॉ. युगल किशोर राय की जनता से अपील
इस बीच CMO डॉ. युगल किशोर राय ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। उन्होंने विशेष रूप से छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को घर के अंदर रहने की सलाह दी है।
जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें
उन्होंने कहा कि यदि घर से बाहर निकलना जरूरी हो तो पूरे शरीर को ढककर निकलें, खाली पेट बाहर न जाएं और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें। साथ ही, मांस, मछली और अधिक मसालेदार भोजन से परहेज करने की सलाह दी गई है।
बाहर निकलें तो ठंडा पानी साथ रखें
CMO ने यह भी कहा कि बाहर निकलते समय अपने साथ ठंडा पीने का पानी अवश्य रखें और प्यास लगते ही पानी पीते रहें, ताकि डिहाइड्रेशन की स्थिति उत्पन्न न हो और शरीर स्वस्थ बना रहे।
स्वास्थ्य विभाग की यह पहल जिलेवासियों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने और संभावित स्वास्थ्य संकट से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


















