थाना बबुरी पुलिस को मिली कामयाबी, 2 लक्जरी कार से 62.620 किलो गांजा किया बरामद, 4 गांजा तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : थाना बबुरी पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी कामयाबी मिली है. चेकिंग के दौरान दो लक्जरी कार से 62.620 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. वही चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. तस्कर गांजा की खेप को लेकर उड़ीसा से वाराणसी जा रहे थे. पुलिस गांजा जब्त करने के साथ ही तस्करों को थाने लाकर विधिक कार्रवाई में जुटी रही.
बबुरी पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग कर रही थी. उसी दौरान चकिया की तरफ से दो कारें आती दिखीं. संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने रोककर कारों की तलाशी ली. इस दौरान दोनों कारों की डिक्की से 60 बंडल गांजा बरामद हुआ. तस्करों ने खाकी रंग के प्लास्टिक में गांजा का बंडल बना रखा था. पुलिस ने 62.620 किलोग्राम गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है.
पुलिस ने कार में सवार उड़ीसा के झारसुगड़ा जिले के रेंगाली थाना के कनकपुरा निवासी दीपक सिंह पुत्र प्रमोद सिंह, बलिया जिले के भीमपुरा थाना के रुपवार गांव निवासी नमो नरायन सिंह पुत्र घूरा सिंह, मिर्जापुर जिले के चुनार थाना के मोहम्मदपुर कैलहट निवासी सिंटू मौर्या और छत्तीसगढ़ के विलेगा जिले के भटगांव थाना के खुजरीपाली निवासी जगत चौहान को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस पूछताछ में तस्करों ने बताया कि उड़ीसा और बिहार से सस्ते दाम पर गांजा खरीदकर बनारस ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते हैं. वाराणसी में उन्हें गांजा की अच्छी कीमत मिलती है. इससे उनक्त काफी फायदा होता है. जो मुनाफा होता है, उसे आपस में बराबर बांट लेते हैं. तस्करी का यह धंधा पिछले काफी दिनों से चल रहा था.
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में बबुरी एसओ बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, एसआई गुलाम हुसैन, अवधेश नारायन, संजीत सिंह, बलवीर सिंह, कांस्टेबल प्रेमचन्द दुबे, अजीत चौहान के साथ ही एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, हेडकांस्टेबल विजेन्द्र कुमार सिंह, अरविन्द भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, आनन्द सिंह, राजेश यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह, मनोज कुमार, संदीप कुमार, नीरज मिश्रा और गणेश तिवारी शामिल रहे.


















