70 वर्ष से अधिक बुजुर्गों के लिए मुफ्त इलाज, ऐसे बनवाएं अपना आयुष्मान कार्ड, यहां बनवा सकते है लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड

27

70 वर्ष से अधिक बुजुर्गों के लिए मुफ्त इलाज, ऐसे बनवाएं अपना आयुष्मान कार्ड, यहां बनवा सकते है लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड

चंदौली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 70 साल और उससे ज्‍यादा उम्र के सभी बुजुर्गों के लिए खास तोहफा दिया है. उन्होंने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के तहत सभी वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा कवर देने की शुरुआत की है. इस योजना के तहत 70 साल या उससे ज्‍यादा उम्र के सभी बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा. यह योजना सभी बुजुर्गों के लिए है. चाहे उनकी आमदनी कुछ भी हो. पात्र लोग अपना आयुष्मान कार्ड जिला मुख्यालय स्थित पंडित कमला पति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय के ठीक सामने शारदा हॉस्पिटल में निःशुल्क बनवा सकते हैं. यह जानकारी शारदा हॉस्पिटल संचालक डॉ विनीत पाण्डेय ने दी है.

आपको बता दें कि आयुष्मान भारत योजना को साल 2018 में पहली बार लॉन्च किया गया था जो दुनिया का सबसे बड़ा स्वास्थ्य बीमा कार्यक्रम है. इस योजना के तहत, लोगों को सालाना 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है. हाल ही में केंद्र सरकार ने योजना का विस्तार करते हुए 70 वर्ष और उससे ज्यादा आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को भी इसमें शामिल किया है.

सरकार का मकसद

केंद्र सरकार की नवीनतम पहल का उद्देश्य 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों वाले लगभग 4.5 करोड़ परिवारों को लाभ पहुंचाना है. विस्तारित संस्करण के तहत, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी लोग, चाहे उनकी आय कुछ भी हो, वह 5 लाख रुपये के कवर पाने के हकदार होंगे.

जिन लोगों के पास पहले से आयुष्मान कार्ड है, उन्हें नए कार्ड के लिए फिर से आवेदन करना होगा और अपना EKYC फिर से पूरा करना होगा. AB-PMJAY के तहत पहले से ही कवर परिवारों से संबंधित 70 वर्ष और उससे ज्यादा आयु के वरिष्ठ नागरिकों को अपने लिए प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त टॉप-अप कवर मिलेगा. इसे उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों के साथ साझा नहीं करना होगा.

इस बाबत शारदा हॉस्पिटल संचालक डॉ विनीत पाण्डेय ने बताया कि इस योजना के जरिए सरकार का मकसद स्वास्थ्य सेवाओं को सभी के लिए सुलभ और किफायती बनाना है. जिसके लिए लाभार्थी को अपना आधार कार्ड व राशन कार्ड लाना अनिवार्य है. वही लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि जनपद के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा इसकी पहल कर अपना आयुष्मान कार्ड जल्द से जल्द बनवा लें, ताकि उन्हें इस योजना का लाभ मिल सके.