सड़क हादसे में चंदौली के सिपाही वीर बहादुर की दर्दनाक मौत, चौकी प्रभारी समेत तीन घायल, पुलिस महकमे में छाया मातम

263

सड़क हादसे में चंदौली के सिपाही वीर बहादुर की दर्दनाक मौत, चौकी प्रभारी समेत तीन घायल, पुलिस महकमे में छाया मातम

चंदौली : वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड ब्रिज के पास सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चंदौली जनपद के भूपौली पुलिस चौकी पर तैनात 32 वर्षीय सिपाही वीर बहादुर सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में चौकी प्रभारी अमित सिंह, उनकी पत्नी, कैली गांव निवासी सोनू पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

तेज रफ्तार क्रेटा से हुई आमने-सामने की टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी अमित सिंह, उनकी पत्नी और सिपाही वीर बहादुर सिंह, सोनू पाण्डेय के साथ किसी निजी कार्य से वाराणसी की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी वैगनआर कार रिंग रोड ब्रिज के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिपाही वीर बहादुर की मौके पर ही जान चली गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

वीर बहादुर सिंह कर्तव्यनिष्ठ सिपाही, असमय विदाई

वीर बहादुर सिंह, अंबेडकर नगर जिले के मूल निवासी थे और 2018 बैच के जवान थे। वे लंबे समय से चंदौली के भूपौली चौकी पर तैनात थे और अपनी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। अचानक हुए इस हादसे ने पुलिस विभाग को गहरे शोक में डुबो दिया है।

घायलों का वाराणसी में इलाज जारी

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए वाराणसी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

विभागीय संवेदनाएं व जांच जारी

पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने सिपाही वीर बहादुर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि एक वर्दीधारी का यूं जाना, न सिर्फ विभाग बल्कि समाज की भी अपूरणीय क्षति है।