चंदौली में दर्दनाक हादसा, बारिश के चलते कच्चा मकान गिरा, पिता-पुत्र की मलबे में दबकर मौत

327

चंदौली में दर्दनाक हादसा, बारिश के चलते कच्चा मकान गिरा, पिता-पुत्र की मलबे में दबकर मौत

चंदौली : जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार गांव में शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक हादसा घटित हो गया। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गांव के एक कच्चे मकान की दीवारें कमजोर हो गईं और अचानक पूरी छत व दीवार भरभराकर गिर पड़ी। इस दर्दनाक घटना में घर के भीतर सो रहे बुजुर्ग पिता और उनके पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।

आधी रात मौत बनकर गिरा मकान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 65 वर्षीय शिव मूरत और उनके 35 वर्षीय पुत्र जय हिंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात दोनों अपने पुराने कच्चे मकान में गहरी नींद में सो रहे थे। रात के सन्नाटे को चीरती अचानक गिरी दीवारों और छत की तेज आवाज ने पूरे मोहल्ले को दहला दिया। जब तक आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों के प्राण पखेरू उड़ चुके थे।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना तत्काल बबुरी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

जर्जर मकान पर बारिस का बरपा कहर

ग्रामीणों के मुताबिक, शिव मूरत का मकान बेहद पुराना और जर्जर हालत में था। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से दीवारें पहले से ही कमजोर हो चुकी थीं। इसी वजह से मंगलवार रात अचानक यह हादसा हो गया।

परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से ही ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता व मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में गांव के कई कच्चे मकान जर्जर हालत में हैं, जिन्हें समय रहते दुरुस्त न किया गया तो ऐसे हादसे दोबारा भी हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जर्जर मकानों का सर्वे कराया जाए और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित ठिकानों पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों से बचा जा सके।