परिवहन मंत्री के निर्देश पर पुलिस, परिवहन एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम सड़क पर उतरी, 9 ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई
चंदौली : उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये एन०आई०सी० चंदौली में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, खनन एवं परिवहन विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ओवरलोडिंग, अवैध संचालन और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा बैठक किया. इस दौरान सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. इसी के क्रम में रात्रि को जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन एवं खनन के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा जनपद में ओवरलोड, अनाधिकृत रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई. जिसमें सात ओवरलोड वाहनों को सीज कर दिया गया. तथा दो वाहनों का चालान किया गया. जिससे लगभग 6.21 लाख प्रशमन शुल्क प्राप्त होगा. यह कार्रवाई जिला प्रशासन, परिवहन एवं खनन के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा अवैध रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध आगे भी जारी रहेगी.

वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि ओवरलोडिंग कॉमर्शियल और यात्री वाहन और अनफिट बसें किसी भी परिस्थिति में न चलें. ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें. अवैध संचालन करने वालों के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृृत कराएं. परिवहन मंत्री ने कहा कि सभी विभागों को मिलकर ओवरलोडिंग, अनफिट और अनइन्श्योर्ड वाहनों के खिलाफ सख्ती से एक्शन लेना होगा. परिवहन मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से पुलिस, परिवहन एवं खनन के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम गठित की जाए. जो ओवरलोड, डग्गामार एवं अनाधिकृत रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करें. साथ ही ओवरलोड एवं अनाधिकृत रूप से यात्री वाहनों का संचालन बिल्कुल भी न होने दिया जाए. वही दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने हेतु अकुशल वाहन चालकों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

बता दे की अनाधिकृत रूप से संचालित हो रही यात्री यानों पर अंकुश लगाए जाने हेतु विशेष चेकिंग अभियान पूर्व से ही 11 जुलाई से 31 जुलाई तक जिलें में संचालित है. जिसमें डग्गामार वाहनों के प्रति कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 22 वाहनों का चालान एवं 5 वाहनों को सीज किया गया है. जिससे 6.5 लाख का शमन शुल्क की प्राप्ति हुई. इस अभियान में ऐसे वाहनों जो की परमिट शर्तों के उल्लंघन करते हुए संचालित पाए जा रहे हैं अथवा जिनका फिटनेस समाप्त है, उनके विरुद्ध पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से विशेष परिवर्तन की कार्रवाई भी की जा रही है. चंदौली बिहार राज्य से सटा हुआ जनपद है जहां पर मुख्यतः बिहार राज्य से वाहन प्रवेश करते हैं. इन वाहनों की भी विशेष चेकिंग की जा रही है. यदि उपरोक्त प्रवर्तन की कार्यवाही में कोई वाहन ओवरलोड, अनाधिकृत रूप से राज्य में प्रवेश करते हुए पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावित परिवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.


















