निकला दसवीं मोहर्रम का जुलूस, कर्बला में सुपुर्दे खाक हुईं ताजिया, युवाओं ने दिखाया करतब
◆ इमाम हुसैन की याद में निकला ताजिया जुलूस
◆ शांति और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में मना मुहर्रम
◆ जिले में निकाले गए ताजिया जुलूस
◆ सुरक्षा व्यवस्था के रहे पुख्ता इंतजाम

चंदौली : जिलें में बुधवार को इमाम हुसैन व उनके जांनिसारों के इसाले सवाब के लिए इमाम चौकों व घरों में कुरआन ख्वानी, फातिहा ख्वानी व दुआ ख्वानी हुई. इसके बाद चौक से दशवीं मुहर्रम का जुलूस निकाला गया. वही युवावों ने अपने करतब को भी दिखाया. करतब दिखाते नौजवान सभी का ध्यान खींच रहे थे. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस भी मौजूद रही. सभी क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष अपने अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए चक्रमण कर विशेष नजर रखे हुए थे. जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे और एसपी आदित्य लांग्हे ने बीते दिनों धर्मगुरु के साथ बैठक कर सौहार्द पूर्ण त्योहार मनाने की अपील किया था.

इमाम हुसैन अपने 71 साथियों के साथ हुए थे शहीद
मुहम्मद साहब के नवासे इमाम हुसैन और 71 साथियों के कर्बला में शहीद होने की घटना की याद में प्रति वर्ष मोहर्रम की दसवीं तारीख को ताजिए का जुलूस निकाला जाता है. इस दौरान लोग मातम करते और तरह-तरह की कला का प्रदर्शन करते हुए कर्बला तक पहुंचते हैं. जहां ताजिए को ठंडा किया जाता है.

जिले के 374 स्थानों पर रखा गया ताजिया
चंदौली कोतवाली क्षेत्र में 17, सैयदराजा थाना 30, चकिया कोतवाली में 41, बबुरी थाना में 22, शहाबगंज थाना में 22 इलिया में 3, नौगढ़ में 4 व चकरघट्टा थाना क्षेत्र के 4, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में 75, अलीनगर थाना क्षेत्र में 28, सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में 29, बलुआ थाना क्षेत्र में 31, धानापुर थाना क्षेत्र में 29, धीना थाना में 29 व कंदवा थाना इलाके में 10 स्थानों से ताजिए का जुलूस निकाला गया. इस दौरान शांति व्यवस्था बनाएं रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे.









