शिक्षक संकुल बैठक में नव नियुक्त नोडल शिक्षकों ने संभाला कार्यभार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर हुआ मंथन
चंदौली : विकासखंड चकिया में प्रत्येक माह के तीसरे मंगलवार को आयोजित होने वाली शिक्षक संकुल बैठक इस बार कई महत्वपूर्ण निर्णयों और नई जिम्मेदारियों के साथ संपन्न हुई। बैठक में नव नियुक्त शिक्षक संकुल नोडलों ने कार्यभार ग्रहण करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू किया तथा आवश्यक डीसीएफ भी भरा। खंड शिक्षा अधिकारी के आदेश पर विकासखंड के 65 शिक्षक संकुलों में से 13 शिक्षक संकुलों के लिए नोडल शिक्षकों की नियुक्ति की गई।
नियुक्त नोडल शिक्षकों में गढ़वा से बाबूलाल, मुड़हुआ दक्षिणी से अनिल प्रताप यादव, रामपुर कला से अशोक प्रजापति, शिकारगंज से जय सिंह पाल, भभौरा से ओमप्रकाश दुबे, अमरा उत्तरी से दीपक गुप्ता, भटवारा खुर्द से रणजीत सिंह, सिकंदरपुर से राधेश्याम सोनकर, गायघाट से राजदेव, उतरौत से विपिन सिंह, खरीद से माया प्रसाद गौड़, अंबर से प्रदीप कनौजिया तथा मवैया से मुकेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में महानिदेशक स्कूल शिक्षा द्वारा निर्धारित इस माह के एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें तीन प्रमुख बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। पहला, विद्यालयों में 10 प्रमुख शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना। दूसरा, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने के लिए ‘कैच-अप शिक्षण कार्यक्रम’ का प्रभावी संचालन करना। तीसरा, बच्चों में पठन संस्कृति विकसित करने के लिए विद्यालय स्तर पर नियमित गतिविधियां संचालित करना।
भटवारा खुर्द शिक्षक संकुल की बैठक में शिक्षक नेता एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि शिक्षक संकुल बैठकें शिक्षकों के बीच शैक्षणिक अनुभवों के आदान-प्रदान का प्रभावी मंच हैं। गुणवत्तापूर्ण चर्चा और नवाचारों के माध्यम से बेसिक शिक्षा को नई दिशा मिलेगी तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।
बैठक में जे.पी. पटेल, राजेश पटेल, चंद्र किरण, रजनी जायसवाल, शालू कटियार, धीरेंद्र कुमार, सुनील पटेल, श्याम बिहारी सिंह, परवेज अंसारी, प्रदीप जैसल, संजीव तिवारी, धनंजय सिंह, विनय सिंह, अनुपमा सिंह, जितेंद्र राम, राकेश मिश्रा सहित विभिन्न शिक्षक संकुलों के सैकड़ों शिक्षकों ने प्रतिभाग कर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर अपने सुझाव साझा किए।


















