दोस्त की जान बचाने में गई अपनी जान, मुसाखाड़ बांध में डूबने से युवक की मौत

451

दोस्त की जान बचाने में गई अपनी जान, मुसाखाड़ बांध में डूबने से युवक की मौत

चंदौली : चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित मुसाखाड़ बांध में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक युवक की अपने साथी की जान बचाने के प्रयास में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, कंदवा थाना क्षेत्र के घोसवा गांव निवासी 22 वर्षीय रंजीत कुमार, पुत्र संतोष कुमार राय, अपने चार दोस्तों के साथ मुसाखाड़ बांध पर पिकनिक मनाने गया था। सभी युवक बांध में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी को संकट में देखकर रंजीत बिना देर किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। रंजीत के प्रयास से उसका दोस्त तो सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन वह स्वयं गहरे पानी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक रंजीत की तलाश कराई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

अगले दिन भी पुलिस और रेस्क्यू टीम ने खोज अभियान जारी रखा। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग दो बजे रंजीत का शव बांध से बाहर निकाला गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

घटना के समय मौके पर कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह के साथ नायब तहसीलदार आरिफ भी मौजूद रहे। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।