सड़क निर्माण में टूटी सिंचाई नाली, आक्रोशित किसानों का प्रदर्शन, धान रोपाई से पहले नाली निर्माण की मांग, जल्द समाधान न होने पर डीएम से शिकायत की चेतावनी

24

सड़क निर्माण में टूटी सिंचाई नाली, आक्रोशित किसानों का प्रदर्शन, धान रोपाई से पहले नाली निर्माण की मांग, जल्द समाधान न होने पर डीएम से शिकायत की चेतावनी

चंदौली : चहनियां विकासखंड के रमौली गांव में सड़क निर्माण के दौरान सिंचाई नाली क्षतिग्रस्त होने से किसानों में भारी आक्रोश है। मंगलवार को दर्जनों किसानों ने प्रदर्शन कर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और कार्यदायी संस्था के खिलाफ नाराजगी जताई तथा तत्काल नाली निर्माण की मांग की।

जानकारी के अनुसार, चहनियां-धानापुर मुख्य मार्ग से रमौली, हिमनापुर और बिसुनपुरा संपर्क मार्ग का निर्माण पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान किसानों की सिंचाई के लिए बनी नाली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई है।

किसानों ने बताया कि भूपौली मुख्य नहर से निकली बेलवानी-चहनियां माइनर के कुलावा नंबर-3 से रमौली गांव के सैकड़ों एकड़ खेतों की सिंचाई होती है। सड़क निर्माण के कारण नाली सड़क में समाहित हो गई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक नाली का निर्माण नहीं कराया गया।

किसान अशोक यादव ने कहा कि धान की रोपाई का समय शुरू हो चुका है। यदि जल्द नाली का निर्माण नहीं हुआ तो किसानों की फसल प्रभावित होगी। संजय मौर्य ने बताया कि इस नाली का निर्माण पहले सिंचाई विभाग और बाद में जिला पंचायत द्वारा भी कराया गया था, लेकिन सड़क चौड़ीकरण में इसे पूरी तरह समाप्त कर दिया गया, जो किसानों के साथ अन्याय है।

चंद्रबली यादव ने कहा कि ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए बिना किसी मुआवजे के अपनी जमीन देकर विभाग का सहयोग किया, लेकिन अब सिंचाई व्यवस्था ही खत्म कर दी गई है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नाली का निर्माण नहीं कराया गया तो जिलाधिकारी से मिलकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में राधेश्याम विश्वकर्मा, रवि वर्मा, आनंद, अवध बिहारी मौर्य, अमरदीप कुशवाहा, चंद्रभान कुशवाहा, आनंद मौर्य, धर्मेंद्र यादव, प्रदीप मौर्य, रोहित यादव सहित दर्जनों किसान शामिल रहे।