पीडीडीयू जंक्शन पर स्टेशन प्रबंधन की लापरवाही उजागर, अनाउंसमेंट की गड़बड़ी से यात्रियों में मची अफरा-तफरी, वीडियो वायरल
चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बुधवार की शाम स्टेशन प्रबंधन की लापरवाही का मामला सामने आया। ट्रेन के प्लेटफार्म परिवर्तन की सूचना समय से न मिलने के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि यूपी टाइम्स18 वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में यात्री अपनी ट्रेन का इंतजार प्लेटफार्म संख्या दो पर कर रहे थे। इसी दौरान अचानक घोषणा हुई कि ट्रेन प्लेटफार्म संख्या तीन पर आएगी।
अनाउंसमेंट सुनते ही यात्री हड़बड़ाकर अपने सामान के साथ प्लेटफार्म तीन की ओर दौड़ पड़े। अफरा-तफरी में कई यात्रियों ने सीढ़ियों का प्रयोग न कर ट्रैक पार करना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ यात्री फिसलकर गिरते-गिरते बचे। सौभाग्य से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन घटना ने स्टेशन प्रबंधन की लापरवाही को उजागर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि स्टेशन प्रशासन की ओर से पहले ही स्पष्ट जानकारी दे दी जाती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। यात्रियों का आरोप है कि जंक्शन पर इस तरह की गड़बड़ी आए दिन देखने को मिलती है। कई बार ट्रेन आने से ठीक पहले प्लेटफार्म बदलने की सूचना दी जाती है, जिससे यात्री परेशान हो जाते हैं।
स्थानीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि अनाउंसमेंट प्रणाली को दुरुस्त किया जाए और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता दिखाई जाए। उनका कहना है कि स्टेशन पर प्लेटफार्म परिवर्तन की सूचना समय रहते दी जानी चाहिए, ताकि कोई अनहोनी न हो।
यात्रियों की नाराजगी
यात्रियों का कहना है कि “ऐसी लापरवाही किसी दिन बड़ा हादसा करवा सकती है। रेलवे को चाहिए कि वह यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे और अनाउंसमेंट सिस्टम को दुरुस्त करे।”
जांच की उठी मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कराने और जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर इस तरह की अव्यवस्था पर समय रहते लगाम नहीं लगाई गई तो भविष्य में गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।


















