जामडीह मेले में उमड़ी आस्था की भीड़, संतान प्राप्ति की कामना से किया पुण्य स्नान

103

जामडीह मेले में उमड़ी आस्था की भीड़, संतान प्राप्ति की कामना से किया पुण्य स्नान

चंदौली : दीपावली की सुबह से आरंभ हुआ प्रसिद्ध जामडीह मेला मंगलवार को दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के साथ आस्था और उत्साह का केंद्र बना रहा। आसपास के गांवों और जनपदों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर पवित्र कुंड में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किए। आस्था के इस सागर में महिलाएं और पुरुष संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर डुबकी लगाते दिखे।

तीन दिवसीय इस ऐतिहासिक मेले में धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिल रहे हैं। सुबह से ही मेले परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ ही मेला मैदान में रौनक और बढ़ गई। पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण, झूले, मिठाई और खिलौनों की दुकानों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया।

मेले में इस वर्ष भी संतान प्राप्ति की इच्छा से स्नान और पूजा का विशेष महत्व देखा जा रहा है। दूरदराज के इलाकों से आए श्रद्धालु जामडीह धाम के पवित्र कुंड में आस्था की डुबकी लगाकर अपनी कामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते दिखाई दिए।

भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशन में मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। ड्रोन कैमरों से निगरानी के साथ-साथ रूट डायवर्जन और पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की गई है। महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती से श्रद्धालुओं को निश्चिंत होकर पूजा-अर्चना करने में सुविधा मिल रही है।

आयोजकों के अनुसार मेला तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें बुधवार को समापन समारोह और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। जामडीह मेला इस बार भी जनपद के लोगों के लिए न सिर्फ आस्था का पर्व बना है, बल्कि दीपावली के बाद आनंद और मिलन का प्रतीक भी साबित हो रहा है।