मुगलसराय पुलिस ने खोला मढिया हत्याकांड का राज, 48 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझी, वांछित आरोपी संदीप यादव गिरफ्तार
चंदौली : थाना मुगलसराय पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र की मदद से ग्राम मढिया में हुई हत्या की गुत्थी को महज़ 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए वारदात में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
क्या थी पूरी घटना?
30 नवंबर 2025 को चौकी जलीलपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मढिया में बनारसी पटेल के खाली पड़े प्लॉट पर ईंटों के बीच एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर तुरंत पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई, जिसमें मृतक की पहचान रोहित साहनी (उम्र 30 वर्ष), निवासी बहादुरपुर, थाना मुगलसराय के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संदीप यादव उर्फ भोदू निवासी मढिया के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी और साक्ष्यों ने खोली पूरी कहानी
एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर बनी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, विशेषकर ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत मिले सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की गतिविधियों को ट्रेस किया। 1 दिसंबर की देर रात करीब 11:45 बजे मुखबिर द्वारा मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी संदीप यादव उर्फ भोदू को मढिया क्षेत्र से धर-दबोचा।
वारदात का कारण – बारात में मामूली विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी संदीप यादव ने बताया कि घटना वाले दिन 29 नवंबर की रात वृंदावन लॉन में एक शादी समारोह चल रहा था। बारात आने पर स्कूटी से उतरने के विवाद में मृतक रोहित साहनी से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में संदीप ने ईंट से वार कर रोहित की हत्या कर दी और शव को फेंककर फरार हो गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, अपराध निरीक्षक चन्द्रकेश शर्मा, उप निरीक्षक अभिषेक शुक्ला, चौकी प्रभारी जलीलपुर, हेड कांस्टेबल विपिन गुप्ता, हेड कांस्टेबल रजनीश राय शामिल रहे।
इस बाबत सीओ पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा जाएगा।
समाज में संदेश
इस तेज़ और प्रभावी कार्यवाही ने पुलिस की सक्रियता और टेक्नोलॉजी-आधारित जांच की प्रभावशीलता को एक बार फिर साबित किया है। ग्रामीणों ने हत्या का खुलासा इतनी जल्दी होने पर राहत की सांस ली।


















