मोरम-बालू लदा डंपर अनियंत्रित होकर खाई में पलटा, चालक-खलासी की फुर्ती से बची दो जानें
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला–भुपौली मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। नहर के पक्कीकरण कार्य के लिए मोरम-बालू लेकर जा रहा डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह पानी से भरी खाई में समा गया, लेकिन शुक्र है कि चालक और खलासी दोनों ही समय रहते कूदकर सुरक्षित बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।
सूत्रों के अनुसार भुपौली नहर को कंक्रीट से पक्का बनाने का कार्य इन दिनों तेज़ी से चल रहा है। निर्माण सामग्री लेकर डंपर नहर के समानांतर बनी सड़क से गुजर रहा था। बताया गया कि नहर किनारे की यह सड़क पिछले दिनों हुई खुदाई के कारण पूरी तरह जर्जर और ऊबड़-खाबड़ हो गई है। लगातार भारी गाड़ियों की आवाजाही से सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो चुकी है।
इसी जर्जर रास्ते से गुजरते वक्त अचानक डंपर का संतुलन बिगड़ गया। चालक वाहन को संभाल पाता, उससे पहले ही डंपर एक जोरदार आवाज के साथ खाई में पलट गया। खाई में पानी भरा होने के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती थी, लेकिन चालक और खलासी ने मौके की नजाकत समझते हुए फुर्ती दिखायी और वाहन पलटने से पहले ही कूदकर अपनी जान बचा ली।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क की बिगड़ी हालत को दुरुस्त किए बिना भारी वाहनों का आवागमन जारी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर किनारे की सड़क को तत्काल समतल किया जाए और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
यह हादसा एक बार फिर व्यवस्था की अनदेखी और लापरवाही की ओर इशारा करता है, लेकिन राहत की बात यह रही कि दो जिंदगियाँ सुरक्षित बच गईं।


















