वेतन रोकने की समस्याओं को लेकर ग्राम विकास व पंचायत अधिकारियों की बैठक, जताई नाराजगी
चंदौली : विकास खंड चहनियां स्थित ब्लॉक मुख्यालय कार्यालय में ग्राम विकास अधिकारी संघ एवं ग्राम पंचायत अधिकारी संघ की एक संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अधिकारियों ने कर्मचारियों के वेतन को अनावश्यक रूप से रोके जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। बैठक में कर्मचारियों के हितों की रक्षा, सेवा शर्तों का पालन और उनके सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।
बेवजह वेतन रोकने की प्रक्रिया को तत्काल बंद करने की मांग
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर वेतन रोक देना न केवल कर्मचारी के लिए मानसिक तनाव का कारण बनता है, बल्कि इससे उनके पूरे परिवार को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों ने बताया कि बिना किसी स्पष्ट कारण के वेतन रोकने की प्रक्रिया से उनके कार्यक्षमता पर भी असर पड़ता है। धनाभाव के चलते वे अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन भी ठीक से नहीं कर पाते, जिससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न होती है।
संघ के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि कर्मचारियों के वेतन को बेवजह न रोका जाए और यदि किसी कारणवश रोकने की आवश्यकता हो तो पहले विस्तृत जांच कर संबंधित कर्मचारी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाए।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह ने की। इस अवसर पर कमलेश सिंह, अतुल यादव, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मनोज कुमार, मिथिलेश सिंह, अमित यादव, रीतेश सिंह, पवन दुबे एवं दीपेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एकमत होकर तय किया कि यदि भविष्य में इस प्रकार की समस्याएं दोहराई जाती हैं तो संघ द्वारा आंदोलनात्मक कदम उठाने से भी परहेज नहीं किया जाएगा।


















