चकिया-अहरौरा मार्ग पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध गिट्टी लदा टीपर पकड़ा गया

135

चकिया-अहरौरा मार्ग पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध गिट्टी लदा टीपर पकड़ा गया

चंदौली : जनपद में अवैध खनन एवं वन उपज के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए वन विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में दिनांक 27 मई 2026 की रात्रि लगभग 10:40 बजे चकिया-अहरौरा मार्ग पर वन विभाग की टीम द्वारा वन उपज से लदे वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध टीपर वाहन को देखकर वन विभाग की टीम को शक हुआ, जिसके बाद वाहन को रोकने का प्रयास किया गया।

बताया जा रहा है कि चालक वाहन को तेज गति से लेकर भागने लगा। वन विभाग की टीम ने मुड़हुआ दक्षिणी क्षेत्र से संदिग्ध टीपर का पीछा किया और काफी मशक्कत के बाद ग्राम मुरारपुर के पास वाहन को पकड़ लिया। जांच के दौरान टीपर में पत्थर गिट्टी लदी मिली, जिसका अभिवहन अवैध रूप से किया जा रहा था।

वन विभाग की कार्रवाई के दौरान चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि विभाग ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विभागीय जांच जारी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में चंद्रप्रभा वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दुबे, चकिया वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे, डिप्टी क्षेत्राधिकारी आनंद दुबे सहित वन विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन एवं वन संपदा के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।