चंदौली में सर्राफा व्यवसायी को गोली मारकर लाखों की लूट, इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : जनपद में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। एक बार फिर बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी को निशाना बनाते हुए गोली मारकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि घायल व्यवसायी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी पर बदमाशों का हमला
घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ के पास की है। बताया जा रहा है कि सर्राफा व्यवसायी रोज की तरह बृहस्पतिवार की शाम अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और विरोध करने पर गोली चला दी। गोली व्यवसायी के हाथ में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूटकर फरार हो गए।
सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हुए बदमाश
घायल व्यवसायी के बड़े भाई राधेश्याम बिंद ने बताया कि गोधना मोड़ पर उनकी सर्राफा की दुकान है। बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर उनका भाई सुजीत कुमार बिंद घर लौट रहा था। जैसे ही वह मनोहरपुर पेट्रोल पंप के पास मुड़ा, वहां पहले से मौजूद चार बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने ताबड़तोड़ हमला करते हुए गोली चला दी और बैग में रखे आभूषण व नगदी लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान बदमाशों की एक मोबाइल फोन मौके पर ही छूट गई, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जल्द खुलासे का दावा
इस मामले में एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि एक सर्राफा व्यवसायी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान तीन से चार बदमाशों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और गोली चला दी, जिससे उनके हाथ में चोट आई है। घायल का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य है। पुलिस की कई टीमें मामले के खुलासे में लगा दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
सुबह एनकाउंटर, शाम को फिर लूट से दहला चंदौली
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार सुबह ही चकिया क्षेत्र में सर्राफा व्यवसायी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। इसके कुछ घंटों बाद ही अलीनगर क्षेत्र में हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही लूट की घटनाओं से व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


















