चंदौली में संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, पिस्टल और DVR बरामद

343

चंदौली में संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, पिस्टल और DVR बरामद

चंदौली : जनपद के कन्दवा थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर भी बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि संपत्ति और पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने अपने ही छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोडिया तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कन्दवा पुलिस तथा स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी विवेक सिंह (36) पुत्र स्व. अजीत सिंह निवासी ग्राम जलालपुर, थाना कन्दवा है। उसे 7 मार्च 2026 को शाम करीब 5:22 बजे उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर बरामद किया।

पांच मार्च को हुई थी हत्या

थाना कन्दवा क्षेत्र में 5 मार्च 2026 को हुई हत्या के मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 18/2026 धारा 103(1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस ने साक्ष्य संकलन, मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे दबोच लिया।

संपत्ति और अपमान बना हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी विवेक सिंह ने बताया कि मृतक विशाल सिंह उसका छोटा भाई था। परिवार में पहले हर फैसले में उसकी राय ली जाती थी, लेकिन कुछ समय पहले वह एक हत्या के मामले में जेल चला गया था। जेल से लौटने के बाद परिवार में उसका सम्मान कम हो गया था।

आरोपी के मुताबिक, करीब चार महीने पहले परिवार की एक जमीन 75 लाख रुपये में बेची गई थी, जिसमें उसे भी हिस्सा मिला था। वह रकम खर्च हो जाने के बाद जब उसने छोटे भाई से पैसे मांगे तो वह उसे लगातार अपमानित करता था। इसी बात से आहत होकर उसने छोटे भाई की हत्या की योजना बना ली।

होली के दिन शराब के नशे में मारी गोली

आरोपी ने बताया कि होली के दिन और उसके अगले दिन 5 मार्च की सुबह उसने काफी शराब पी ली थी। इसी दौरान घर में काम कर रहे नौकरों के सामने छोटे भाई ने उसे अपमानित किया। गुस्से में आकर उसने करीब दोपहर 1:30 बजे घर के हाल में चौकी पर सो रहे अपने छोटे भाई के सिर के पीछे पिस्टल से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

साक्ष्य मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और पिस्टल को भूसे में छिपा दिया। बाद में 6 मार्च की सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच मौका देखकर वह मोटरसाइकिल से दोनों सामान लेकर गया और नहर किनारे तालाब में फेंक दिया। हालांकि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों सामान बरामद कर लिए।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है

पुलिस के अनुसार आरोपी विवेक सिंह के खिलाफ पहले भी गाजीपुर के जमानिया थाना में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना कन्दवा के थानाध्यक्ष राजीव मल्ल, चौकी प्रभारी विजय कुमार राय, हेड कांस्टेबल भरत सिंह, कांस्टेबल सविनय कुमार सिंह समेत स्वाट व सर्विलांस टीम के प्रभारी निरीक्षक राम जनम यादव तथा उनकी टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।