किसानों के लिए बड़ी सौगात, चंदौली में उर्द, मूंग, अरहर समेत कई फसलों के बीजों का मुफ्त वितरण शुरू

61

किसानों के लिए बड़ी सौगात, चंदौली में उर्द, मूंग, अरहर समेत कई फसलों के बीजों का मुफ्त वितरण शुरू

चंदौली : जिले के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में सरकार ने बड़ी पहल की है। जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर अब उर्द, मूंग, अरहर, हाइब्रिड मक्का और हाइब्रिड बाजरा जैसे बीजों का वितरण अनुदान पर किया जा रहा है। इन बीजों पर 50 से 100 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है, जिससे किसानों को कम लागत में बेहतर गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध हो सकें।

मिनीकिट के तहत मुफ्त बीज वितरण

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को मिनीकिट योजना के अंतर्गत मिलेट्स के बीज जैसे ज्वार (2.70 कुंटल), बाजरा (10.68 कुंटल) और रागी (16.47 कुंटल) मुफ्त वितरित किए जा रहे हैं। इसके अलावा दलहन मिनीकिट के रूप में अरहर (34.78 कुंटल) और उर्द (4.04 कुंटल) की पर्याप्त मात्रा गोदामों पर उपलब्ध है।

धान, मूंग और उर्द की सामान्य बिक्री भी जारी

उन्होंने यह भी बताया कि धान, उर्द और मूंग के बीज भी सामान्य दर पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, जिससे इच्छुक किसान बिना अनुदान के भी उच्च गुणवत्ता वाले बीज प्राप्त कर सकते हैं।

“पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर वितरण

बीज वितरण की प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पीओएस मशीन के माध्यम से की जा रही है। मिनीकिट बीज “पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर मुफ्त वितरित किए जाएंगे, और एक किसान को केवल एक मिनीकिट बीज ही प्रदान किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।

किसानों से अपील

जिला प्रशासन की ओर से किसानों से अपील की गई है कि वे अपने संबंधित विकासखंडों के राजकीय कृषि बीज भंडारों से संपर्क कर इस योजना का लाभ उठाएं और समय से बीज प्राप्त कर खेती की तैयारियों में जुट जाएं।

सरकार की इस पहल से किसानों को बेहतर उत्पादन के साथ-साथ लागत में भी भारी राहत मिलने की उम्मीद है।