पांच दिन से बिजली गुल, पोल टूटने से परेशान किसानों का हंगामा, जल्द सुधार की मांग

50

पांच दिन से बिजली गुल, पोल टूटने से परेशान किसानों का हंगामा, जल्द सुधार की मांग

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के सोनबरसा गांव के अमानी मोहल्ले में बीते सोमवार को आई तेज आंधी-बारिश ने तबाही मचा दी। आंधी के दौरान सड़क किनारे खड़ा विशाल सिसम का पेड़ बिजली के नंगे तारों पर गिर गया, जिससे चार विद्युत पोल धराशायी हो गए। पांच दिन बीतने के बावजूद न तो बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी और न ही विभाग ने पोलों की मरम्मत कराई। इससे आक्रोशित ग्रामीण किसानों ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने से अमानी क्षेत्र के दर्जनों परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी उन किसानों को हो रही है जो खेतों में पानी देने के लिए प्राइवेट पंप का इस्तेमाल करते हैं। चार प्राइवेट पंप बंद हो जाने से धान के नर्सरी (बेहन) सूखने लगे हैं। वहीं, घरों में पीने के पानी तक का संकट खड़ा हो गया है।

किसानों ने चेताया – जल्द बहाल हो बिजली नहीं तो होगा उग्र आंदोलन

ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली के पोल बदलकर सप्लाई बहाल नहीं की गई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे और सड़क जाम जैसी कार्रवाई के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन में शामिल रहे प्रमुख किसान

गोविंद यादव, राम अवध यादव, सूरज यादव, रत्नेश कुमार, शीला यादव, कौशल्या यादव, दिनेश यादव, बलवंत सोनकर, दीपक सिंह, विकास सोनकर समेत दर्जनों ग्रामीण प्रदर्शन में मौजूद रहे।

ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप कर विद्युत आपूर्ति बहाल कराए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और खेती को हो रहा नुकसान रुके।