जानिए कहां बन रहा 70 वर्ष से अधिक उम्र वालों का आयुष्मान कार्ड, वरिष्ठ नागरिकों का भी 5 लाख तक का होगा मुफ्त इलाज
चंदौली : जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अब उनके स्वास्थ्य को लेकर खुशखबरी है. आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य लाभ मिलेगा. पात्र लोग अपना कार्ड जिला मुख्यालय स्थित हरिओम हॉस्पिटल में कार्ड निःशुल्क बनवा सकते है. यह जानकारी हरिओम हॉस्पिटल संचालक डॉ विवेक कुमार सिंह ने दी है.

हरिओम हॉस्पिटल के संचालक डॉ विवेक कुमार सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के तहत सभी वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा कवर देने की शुरुआत की है. इस योजना के तहत 70 साल या उससे ज्यादा उम्र के सभी बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा. यह योजना सभी बुजुर्गों के लिए है. चाहे उनकी आमदनी कुछ भी हो. इस योजना के जरिए सरकार का मकसद स्वास्थ्य सेवाओं को सभी के लिए सुलभ और किफायती बनाना है.
उन्होंने बताया कि पहले चरण में अस्पताल के माध्यम से निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है. जिसके लिए लाभार्थी को पंजीकरण के लिए अपना आधार कार्ड व राशन कार्ड लाना आवश्यक है. जिनके पास राशन कार्ड नही है वे लोग केवल आधार कार्ड भी लाकर इस योजना का लाभ उठा सकते है. बताया कि जो वरिष्ठ नागरिक हॉस्पिटल तक पहुंचने में असमर्थ है, उनके घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए हरिओम हॉस्पिटल की ओर से पहल भी की जाएगी. सरकार की योजना को सफल बनाने के लिए हरिओम हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य शुरू किया गया है. लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपना आयुष्मान कार्ड शीघ्र ही बनवा लें ताकि उन्हें इस योजना का लाभ मिल सके.


















