ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा

289

ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा

चंदौली : चहनियां स्थित खण्डवारी देवी पीजी कॉलेज के खेल मैदान में सोमवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. इसमें न्याय पंचायत स्तर पर अव्वल आने वाले बच्चों ने भाग लिया. इस दौरान खेल-कूद प्रतियोगिता में सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित एथलेटिक्स, कबड्डी, ऊंची कूद, खो-खो समेत अन्य खेलों में नौनिहालों ने दमखम दिखाया. सर्व प्रथम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण किया और मार्च पास्ट की सलामी लेकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है. यह हमें स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक और सामाजिक विकास का भी माध्यम है. खेल का महत्व यह है कि खेलने से हमारे शरीर की शक्ति बढ़ती है, हमारा मानसिक तनाव कम होता है और हम सामूहिक जीवन का आनंद ले सकते हैं. हमें नियमित रूप से खेलने का समय निकालना चाहिए ताकि हम अपने जीवन को स्वस्थ, सुखी और सफल बना सकें.

विशिष्ट अतिथि बलुआ थाना प्रभारी डॉ आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल एक महान सामाजिक संगठन है. जब हम खेल खेलते हैं, तो हम साथी खिलाड़ियों के साथ ग्रुप में संघटित होते हैं और टीमवर्क करते हैं. इससे हमारे सामाजिक और संघटनात्मक कौशल विकसित होते हैं और हम अन्य लोगों के साथ सहयोग करने का कौशल बनाते हैं. खेल हमें नेतृत्व के गुण विकसित करता है, हमारी सामरिक बुद्धि को मजबूत बनाता है और हमें संघर्ष के साथ सामर्थ्यपूर्ण व्यवहार करने का मौका देता है.

खंड शिक्षा अधिकारी चहनियां डॉ राजेश कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि खेल हमें नैतिकता और संयम की महत्वपूर्ण शिक्षा भी प्रदान करता है. जब हम खेल में भाग लेते हैं, तो हमें नियमों और नियमितता का पालन करना पड़ता है. इससे हमारे अनुशासन, संयम और नैतिक मूल्य विकसित होते हैं. हमें अन्य खिलाड़ियों के साथ सही ढंग से खेलने की आवश्यकता होती है और हमें अपनी संख्या का सम्मान करना सिखाता है. खेल हमें टीम के साथ काम करने, उच्चतम मानकों की प्राप्ति करने और दूसरों के साथ सहयोग करने की क्षमता देता है.

इस अवसर पर अजय सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक विवेकानंद दुबे, वीरेंद्र यादव, फैयाज़ अहमद, नंदकुमार शर्मा, अखिलेश श्रीवास्तव, पवन पाण्डेय, आदित्य सिंह राजा, राजीव यादव, अखिलेश त्रिपाठी, मनोज गुप्ता, प्रेमशंकर मिश्रा, प्रवीण त्रिपाठी, सुजीत रघुवंशी, मीरा सिंह, वैशाली सिंह, हंसराज यादव चमन सिंह, बृजेश मिश्रा, कालिंदी पाण्डेय, ओमप्रकाश यादव, सचिन सिंह, सत्येंद्र सिंह, गरिमा सिंह, नीलम यादव, प्रियंका यादव, राजकुमार, अजीत, अरुण, प्रदीप सिंह, श्यामसुंदर, गौतम, संत लाल, राकेश पाण्डेय, रामप्रकाश पटेल सतेंद्र, रितेश पाण्डेय, जयप्रकाश, कृष्णा, कमरान सहित आदि शिक्षक कर्मचारी व बच्चे उपस्थित रहे अध्यक्षता सुरेंद्र त्रिपाठी व संचालन आत्मप्रकाश पाण्डेय नें किया.