सालों से बदहाली का शिकार खण्डवारी मार्ग, जलजमाव और टूटी पाइप से ग्रामीणों का जीना दुश्वार

12

सालों से बदहाली का शिकार खण्डवारी मार्ग, जलजमाव और टूटी पाइप से ग्रामीणों का जीना दुश्वार

चंदौली : चंदौली-सैदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग चहनियां क्षेत्र के खण्डवारी गांव में बीते कई वर्षों से बदहाली का शिकार है। सड़क की जर्जर हालत और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए रोज़ का जोखिम बन गया है।

जगरनाथपुर से चंदौली वाया चहनियां हाइवे मार्ग से कटकर पीडीयूनगर मार्ग को जोड़ने वाला यह रास्ता दर्जनों गांवों से होकर बलुआ पुल और बलुआ कस्बे तक जाता है। खण्डवारी और रानेपुर गांव के बीच पानी की निकासी की व्यवस्था न होने से सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह जलजमाव बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, लेकिन समस्या केवल बारिश तक सीमित नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार, बीते छह माह से चहनियां से पीडीयूनगर तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से जलनिगम की पाइप क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे लगातार पानी बह रहा है। इस बहते पानी ने पहले से टूटी सड़क को और उखाड़ दिया है। कीचड़, गड्ढे और फिसलन के कारण दोपहिया और पैदल चलने वालों के साथ-साथ चारपहिया वाहनों का आवागमन भी बेहद मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार संबंधित विभागों और उच्च अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत कराई गई और न ही सड़क सुधार का कोई प्रयास किया गया।

अधिकारियों की अनदेखी से आजिज आकर ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि एक तरफ नाबदान के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, दूसरी तरफ सड़क निर्माण कार्य की सुस्त गति और जेसीबी से हुई लापरवाही ने स्थिति को नारकीय बना दिया है। आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि क्षतिग्रस्त जलनिगम पाइप की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए और सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। प्रदर्शन में चंद्रेश सिंह, लवकुश यादव, विकास यादव, शिशु सिंह, पीयूष सिंह, संजय यादव, प्रदीप यादव, बचानू यादव, संजय राम, नारायण राम, जहूर अली, प्रितेश सिंह, राजू सिंह, राहुल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम और उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी।