पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, हरियाणा से बिहार जा रही 6 लाख की अवैध शराब पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र में रविवार को पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने एक पिकअप वाहन से हरियाणा से बिहार जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई डेढ़ावल गांव के पास की गई, जहां से पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब और बियर पकड़ी है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
सीओ सकलडीहा रघुराज के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहीदगांव-आवाजापुर मार्ग से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में शराब की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर कोतवाल हरिनारायण पटेल, चौकी प्रभारी जनक सिंह और आबकारी निरीक्षक दीपक ओझा की अगुवाई में एक टीम गठित की गई। टीम ने संबंधित मार्ग पर वाहनों की गहन जांच शुरू कर दी।
प्लाई के नीचे छिपा रखी थी शराब की खेप
जांच के दौरान एक पिकअप वाहन में प्लाईवुड के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटी रॉयल स्टेज अंग्रेजी शराब और 60 केन बियर बरामद की गई। बरामद माल की कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है। इस तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
दो तस्कर गिरफ्तार, बिहार के रहने वाले
इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान संजीत कुमार प्रसाद और पप्पू कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के छपरा जिले के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को सफलता पर एसपी ने की सराहना
इस सफलता के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम की सराहना की गई है। बरामदगी और गिरफ्तारी में कोतवाल हरिनारायण पटेल, जनक सिंह, आबकारी निरीक्षक दीपक ओझा, मुकेश कुमार, अवधेश कुमार, अभिषेक सिंह, रोहित कुमार गौड़, शैलेश कुमार और इमरान मसूद की भूमिका सराहनीय रही।
यह कार्रवाई तस्करों के खिलाफ पुलिस की सतर्कता और मजबूत नेटवर्किंग का परिचायक है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।


















