बाबा कीनाराम धाम पर कन्या पूजन का भव्य आयोजन, नवदुर्गा स्वरूप कन्याओं की विधिवत पूजा

82

बाबा कीनाराम धाम पर कन्या पूजन का भव्य आयोजन, नवदुर्गा स्वरूप कन्याओं की विधिवत पूजा

चंदौली : चहनियां क्षेत्र स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम धाम, रामगढ़ परिसर में चैत्र नवरात्रि के नवमी तिथि पर रविवार को भव्य कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर नौ कन्याओं को देवी के नौ रूपों के प्रतीक स्वरूप विधिवत पूजन अर्चन कर सम्मानित किया गया। उन्हें दान-दक्षिणा देकर श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया और पूजनोपरांत ससम्मान विदाई दी गई।

नौ दिवसीय अनुष्ठान का समापन

यह आयोजन वाराणसी के कृकुंड पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम महाराज के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में बाबा कीनाराम अघोर नाम रामायण पाठ, कीर्तन और पूजन-अर्चन की श्रृंखला आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। क्षेत्रीय जनपद ही नहीं, अपितु दूरदराज़ से भी श्रद्धालु यहां पहुंचकर बाबा कीनाराम के दरबार में हाजिरी लगाते हुए सुख-समृद्धि की कामना करते है।

कन्या पूजन से मिलता है मां दुर्गा का आशीर्वाद

बाबा कीनाराम जन्मोत्सव कार्यक्रम के संयोजक अजीत सिंह ने इस अवसर पर बताया कि नवरात्रि की नवमी तिथि पर कुंवारी कन्याओं के रूप में मां दुर्गा की पूजा की जाती है। उन्हें भोजन कराने से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है तथा मां दुर्गा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।

समाजसेवियों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति

इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे जिनमें दिनेश सोनकर, अशोक कुशवाहा, देवदत्त पांडेय, मन्नु पाठक, शिवा सिंह, बाबा बाबुलाल, पीयूष कुमार, मोती राम और फग्गु पांडेय आदि शामिल रहे। आयोजन पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ।