जिलाधिकारी ने बी-पैक्स व किसान सेवा केंद्र का किया औचक निरीक्षण, खाद वितरण व्यवस्था पर कसी नकेल

35

जिलाधिकारी ने बी-पैक्स व किसान सेवा केंद्र का किया औचक निरीक्षण, खाद वितरण व्यवस्था पर कसी नकेल

चंदौली : किसानों को यूरिया एवं डीएपी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) चंदौली लिमिटेड तथा मंडी परिसर स्थित किसान सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद के स्टॉक, वितरण व्यवस्था, स्टॉक पंजिकाओं एवं पीओएस (PoS) मशीन में दर्ज अभिलेखों का गहन सत्यापन किया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने भौतिक स्टॉक का अभिलेखों और पीओएस मशीन के आंकड़ों से मिलान कराया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में खाद की किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर समयबद्ध तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंडी परिसर स्थित किसान सेवा केंद्र पर बिक्री रजिस्टर अद्यतन न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल रजिस्टर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ केवल ई-पॉश मशीन के माध्यम से ही किया जाए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि ओवररेटिंग, कालाबाजारी अथवा खाद की जमाखोरी जैसी शिकायतें सामने आती हैं तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समिति परिसर में किसानों के लिए पेयजल एवं छायादार बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ गोदामों में पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और प्रतिदिन वितरण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, एआर कोऑपरेटिव विपिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।