राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश, लक्ष्य से पीछे रहने पर होगी कार्रवाई : डीएम
चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर, करेत्तर, राजस्व संग्रह एवं प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन करते हुए डीएम ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें, ताकि सरकारी राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं है, उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
डीएम ने सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को लंबित न्यायिक वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े।
बैठक में मंडी, परिवहन, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की वसूली और प्रवर्तन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों में निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें और डाटा फीडिंग जैसे तकनीकी कार्यों की नियमित निगरानी स्वयं करें, जिससे पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, उप निदेशक कृषि भीमसेन, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक संभागीय अधिकारी सर्वेश गौतम, डिप्टी आरएमओ राधवेंद्र सिंह, उपायुक्त उद्योग, मंडी सचिव तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


















