रोस्टर के अनुसार हर हाल में मिले बिजली, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई : डीएम
चंदौली : कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर उपभोक्ता को निर्धारित समय के अनुसार बिजली मिले। इसके लिए सभी उपकेंद्रों पर कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, किसी भी क्षेत्र से फोन के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों को तत्काल रजिस्टर में दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि ऑनलाइन शिकायतों पर भी समयबद्ध फीडबैक लिया जाए। विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना तथा ओवरलोड लाइनों के विभाजन का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा में ठीक कराने के साथ ही इसके लिए अग्रिम व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार, अनावश्यक उत्पीड़न या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी करने या समाधान में जानबूझकर देरी करने वाले कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।
राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत बिलिंग सुनिश्चित करने और बिल जमा कराने हेतु विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सही बिल उपलब्ध कराया जाए और राजस्व वसूली में किसी तरह की ढिलाई न हो। बैठक में अधीक्षण अभियंता समेत सभी अधिशासी अभियंता उपस्थित रहे।


















