UPPCS में सफलता पर आकांक्षा सिंह का हुआ भव्य सम्मान, विधायक ने किया सम्मानित
चंदौली : जनपद के चहनियां क्षेत्र स्थित अमिलाई (महदेवा) गांव की बेटी आकांक्षा सिंह ने UPPCS (उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन परीक्षा) में सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। आकांक्षा सिंह के 84वीं रैंक के साथ चयनित होने की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार को जब आकांक्षा दिल्ली से अपने घर पहुंचीं, तो ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ बेटी का अभिनंदन किया गया, जिससे गांव का माहौल उत्सव में बदल गया।
मेहनत से चमकी आकांक्षा सिंह
आकांक्षा सिंह एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता कमलेश सिंह गाजीपुर में आरपीएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी माता इंद्रावती देवी कम्पोजिट विद्यालय अमिलाई में प्रधानाध्यापिका के रूप में कार्यरत हैं। माता-पिता के मार्गदर्शन और अपनी मेहनत के दम पर आकांक्षा ने यह मुकाम हासिल किया है।
मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं – विधायक
इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव स्वयं आकांक्षा के घर पहुंचे और उन्हें अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने आकांक्षा की इस उपलब्धि को पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय बताया। विधायक ने कहा कि जिले के चार-पांच बच्चों का पीसीएस में चयन होना इस बात का प्रमाण है कि यहां की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं।
बेटियां नहीं किसी से कम, मेहनत से हर लक्ष्य संभव – विधायक
उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि आकांक्षा सिंह ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज का नाम रोशन कर रही हैं। यदि युवा पूरे समर्पण और लगन के साथ प्रयास करें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। विधायक ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह बुलंदियों को छूते रहें और जनपद व प्रदेश का नाम रोशन करें।
ये रहे मौजूद
इस दौरान अनिल यादव, सुभाष यादव, भानु प्रताप यादव, अनुराग सिंह, अभिनव सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला, जहां हर कोई आकांक्षा की सफलता पर खुशी जाहिर कर रहा था।


















