चकिया में वन विभाग और सिल्वर वेल्स स्कूल के बच्चों ने निकाली ‘पौधों की बारात’, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

123

चकिया में वन विभाग और सिल्वर वेल्स स्कूल के बच्चों ने निकाली ‘पौधों की बारात’, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

चंदौली : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘वृक्षारोपण अभियान-2026’ के तहत मंगलवार को चकिया में एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वन विभाग की चकिया रेंज एवं सिल्वर वेल्स स्कूल के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से ‘पौधों की बारात’ निकालकर लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रंग-बिरंगे बैनर, हाथों में पौधे और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों के साथ निकली इस बारात ने नगरवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। अभियान के दौरान बच्चों ने यह संदेश दिया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखरेख करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत चकिया के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव एवं चकिया थाना प्रभारी अर्जुन सिंह उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों के बीच पौधों का वितरण किया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पौधे केवल लगाने भर से उद्देश्य पूरा नहीं होता, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए जनभागीदारी के साथ बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और पौधों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

अभियान के दौरान लगाए गए बैनर पर अंकित संदेश “हमने यह ठाना है, हर घर पौध लगाना है” लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उपस्थित लोगों ने इस संकल्प को दोहराते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से चकिया रेंज के उपवन क्षेत्राधिकारी आनंद दुबे, वन दरोगा राम आशीष, जसवंत सिंह, अमित सिंह सहित विभागीय कर्मचारी अमित, आदित्य, शिव बक्स, लालबहादुर, अनीता, मुरारी और अवनीश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण के इस जनजागरूकता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।