स्क्रब टाइफस से बचाव को कृषि विभाग अलर्ट, पूरे जिले में चलेगा विशेष अभियान, कृषि विभाग ने जारी की एडवायजरी
चंदौली : जनपद में स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पाइरोसिस जैसी खतरनाक संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए कृषि विभाग ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान-2026 के द्वितीय चरण के तहत 1 जुलाई से 31 जुलाई तक पूरे जिले में चूहा एवं छछूंदर नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत जनपद की 605 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर जागरूकता गोष्ठियां, प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को चूहों व छछूंदरों से फैलने वाले संक्रामक रोगों के प्रति सतर्क रहने तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि चूहा एवं छछूंदर के संपर्क और इनके मल-मूत्र से स्क्रब टाइफस तथा लेप्टोस्पाइरोसिस जैसे जीवाणुजनित रोग फैलने का खतरा रहता है। इन बीमारियों से होने वाला संक्रामक बुखार गंभीर और जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समय पर जागरूकता, स्वच्छता और सावधानी बरतकर इन बीमारियों से बचाव संभव है।
कृषि विभाग ने आमजन से अपील की है कि घरों और आसपास चूहों एवं छछूंदरों का बसेरा न बनने दें। चूहों को पकड़ने के लिए नियमित रूप से चूहादानी का प्रयोग करें तथा उनके मल-मूत्र को घर या आसपास जमा न होने दें। साथ ही घर, आंगन और आसपास के क्षेत्र की नियमित साफ-सफाई बनाए रखें, जिससे चूहों को छिपने या बिल बनाने का अवसर न मिले।
विभाग का कहना है कि जनसहभागिता और सतर्कता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। अभियान के दौरान कृषि विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगी और बचाव संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगी।


















