स्वामित्व योजना के तहत बांटे गए घरौनी प्रमाण पत्र, लोगों को स्वच्छता व नशामुक्ति के लिए दिलाई गई शपथ

47

स्वामित्व योजना के तहत बांटे गए घरौनी प्रमाण पत्र, लोगों को स्वच्छता व नशामुक्ति के लिए दिलाई गई शपथ

चंदौली : स्वामित्व योजना के तहत घरौनी प्रमाण पत्र का डिजिटल वितरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया. जिसके क्रम में जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में घरौनी प्रमाण पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद दर्शना सिंह, डीएम निखिल टी. फुंडे, अपर जिलाधिकारी वि०रा० सुरेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी एस.एन. श्रीवास्तव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर हर्षिका सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. वही जिले के लगभग 34098 घरौनी प्रमाण पत्र का वितरण किया गया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता व नशामुक्ति के लिए शपथ दिलाई गई. विगत कुछ दिनों पहले 11605 लोगों को घरौनी प्रमाण पत्र का वितरण किया जा चुका है.

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को उनके घरों के मालिकाना हक का दस्तावेज घरौनी मिलेगा. खतौनी की तरह ही घरों के लिए एक कानूनी दस्तावेज है. इससे ग्रामीणों को अपने घरों पर बैंक से कर्ज लेने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि गांव में आबादी को लेकर विवाद होते थे, इसके निस्तारण के लिए सरकार के द्वारा ड्रोन के माध्यम से सर्वे कराकर उन्हें मालिकाना हक देने का कार्य किया गया है. उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों के हित को लेकर चिंतित है. जब गांव विकसित होंगे तभी देश विकसित होगा.

डीएम निखिल टी. फुंडे ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वामित्व योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी. कहा कि घरौनी प्रमाण पत्र मिलने से ग्रामीणों को न केवल संपत्ति का वैध अधिकार मिलेगा, बल्कि इससे राजस्व विवाद भी कम होंगे और बैंकों के द्वारा आसानी से लोन मिल सकेगा. जिससे लोग स्वरोजगार और व्यवसाय शुरू कर सकते हैं. बताया कि इसी क्रम में जनपद के तहसीलों और ब्लॉकों में भी घरौनी वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है. वही कार्यक्रम समाप्ति के उपरांत राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह व डीएम निखिल की फुंडे द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया गया.

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे.