स्कूल बस की टक्कर से चौथी की छात्रा गंभीर घायल, आरपीएफ ने पहुंचाया अस्पताल
चंदौली : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के छित्तमपुर निवासी कृष्णकांत निराला की पुत्री एवं गुरुकुलम विद्यालय की कक्षा चार की छात्रा अनन्या सोमवार सुबह स्कूल जाते समय सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, अनन्या प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह साइकिल से विद्यालय जा रही थी। इसी दौरान रेलवे चौकी क्षेत्र स्थित डीआरएम कार्यालय के समीप बाकले मोड़ पर कथित रूप से एक स्कूल बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घायल छात्रा को अपने सरकारी वाहन से लोको अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
दुर्घटना के बाद जब बस चालक बच्चों को लेकर रेलवे अधिकारियों के पास वापस जा रहा था, तभी स्थानीय लोगों ने बस को रोककर घेर लिया। इस दौरान काफी देर तक नोकझोंक और पंचायत का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को शांत कराते हुए मामले की जानकारी जुटाई।
घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश देखा गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, चिकित्सकों की निगरानी में घायल छात्रा का उपचार जारी है।


















