निर्माणाधीन न्यायालय भवन का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के दिए सख्त निर्देश
चंदौली : जिले में न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में निर्माणाधीन नए न्यायालय भवन का जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को मैनपावर एवं मशीनों की संख्या तत्काल बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन न्यायालय परिसर के विभिन्न खंडों, न्यायालय कक्षों, अधिवक्ताओं के चैंबर, प्रतीक्षालय तथा आम वादकारियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आमजन को शीघ्र ही आधुनिक न्यायालय भवन की सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही नए न्यायालय परिसर में पेयजल, शौचालय, पर्याप्त पार्किंग, प्रतीक्षालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परिसर में हरित वातावरण विकसित करने तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


















