वन विभाग ने रैली निकालकर दिया स्वच्छता का संदेश
चंदौली : स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ चहनियां क्षेत्र के बलुआ स्थित वाल्मीकि इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन जिला गंगा समिति चंदौली एवं चहनियां वन विभाग रेंज द्वारा आयोजित किया गया. कार्यक्रम में गंगा शपथ कार्यक्रम, श्रमदान, स्वच्छता अभियान सहित प्रभात फेरी निकाला गया.

स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्रीय वन अधिकारी नित्यानंद पाण्डेय व प्रधानाचार्य वीरेंद्र प्रताप तिवारी के नेतृत्व में सभी छात्र-छात्राएं, गंगा प्रहरी, सहायक अध्यापक, अध्यापिका एवं ग्रामीणों को कालेज के प्रांगण में स्वच्छता के लिए शपथ दिलाया गया. स्वच्छता रैली विद्यालय से होते हुए बलुआ घाट तक भारत माता की जय, गंगा मैया की जय, हम नहीं रुकेंगे, स्वच्छ करेंगे, डोन्ट यूज प्लास्टिक जैसे नारा लगाते हुए स्वच्छता रैली का समापन खेल ग्राउंड तक किया गया. इसके बाद विद्यालय परिवार एवं वन विभाग के सदस्यों ने खेल ग्राउंड को साफ-सुथरा कर प्लास्टिक फ्री कैंपस किया.

इस दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी नित्यानन्द पाण्डेय व प्रधानाचार्य वीरेंद्र प्रताप तिवारी ने संयुक्त रूप से कहा कि हमारे अंदर स्वभाव स्वच्छता व संस्कार स्वच्छता की भावना होनी चाहिए. गंगा की स्वच्छता के साथ ही अपने आसपास भी स्वच्छता बनाए रखना चाहिए.
कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे दर्शन निषाद, फॉरेस्टर फिरोज गांधी, अभिषेक कुमार, जितेंद्र कुमार, गंगा प्रहरी प्रमोद कुमार निषाद, अभिमन्यु चौहान, रमेश पासवान आदि उपस्थित रहे.


















