सकलडीहा तहसील को मिली पहली महिला एसडीएम, आकांक्षा सिंह ने संभाला पदभार

106

सकलडीहा तहसील को मिली पहली महिला एसडीएम, आकांक्षा सिंह ने संभाला पदभार

चंदौली : सकलडीहा तहसील को पहली बार महिला उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मिली हैं। वर्ष 2020 बैच की पीसीएस अधिकारी आकांक्षा सिंह ने बृहस्पतिवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। प्रयागराज से स्थानांतरित होकर चंदौली पहुंचीं आकांक्षा सिंह ने कार्यभार संभालते ही स्पष्ट किया कि फरियादियों को त्वरित एवं पारदर्शी न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने तहसील परिसर का निरीक्षण किया और विभिन्न शाखाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

नवागत एसडीएम ने कहा कि तहसील में लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ऐसे प्रयास किए जाएंगे कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिक से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से जनसुनवाई को गंभीरता से लेने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनके पदभार ग्रहण करने से क्षेत्र के लोगों में त्वरित न्याय और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की उम्मीद जगी है।