गांव की चौपाल में जनकल्याण की गूंज, योजनाओं की दी गई जानकारी
चंदौली : विकास खंड चहनियां की खंडवारी ग्राम सभा में शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय परिसर में भव्य ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाकर आमजन को लाभान्वित करना रहा। चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, वहीं गर्भवती महिलाओं को गोद भराई की रस्म के तहत जरूरी सामग्री वितरित की गई।
“खंड विकास अधिकारी बोले— पात्रों को शीघ्र मिलेगा आवास, ग्राम चौपाल से होगी समस्याओं की सीधी सुनवाई”
खंड विकास अधिकारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना को लेकर उन्होंने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों में गहन सर्वे कर पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द आवास मुहैया कराया जाएगा।
“अब पंचायत भवन पर ही मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सुविधाएं, BDO ने दिए स्पष्ट निर्देश”
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे पंचायत भवन, जनसेवा केंद्र या स्वयं के मोबाइल के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन करें। साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों व सहायकों को निर्देशित किया कि पंचायत भवन पर नियमित रूप से उपस्थित रहकर विभिन्न प्रमाणपत्रों और योजनाओं से संबंधित सेवाएं जैसे—राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, शौचालय, पेंशन योजनाएं, सामूहिक विवाह रजिस्ट्रेशन आदि तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराएं।
ग्राम चौपाल में कई विभागों ने लगाई झांकी
ग्राम चौपाल में स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, श्रम विभाग, लघु सिंचाई विभाग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन सहित कई विभागों ने भाग लिया। उपस्थित ग्रामीणों ने योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक फॉर्म भरवाए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुदस्सर अली, ग्राम पंचायत अधिकारी आनंद यादव, समाज कल्याण विभाग से सौरभ सिंह, एकाउंटेंट जितेंद्र कुमार, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर लालिमा पांडेय, नीति आयोग फेलो शिवांगी सिंह सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण जन मौजूद रहे।


















