40 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, IMD ने दी चेतावनी
UP TIMES18 : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदलने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने 25 जुलाई से प्रदेशभर में मॉनसून के दोबारा सक्रिय होने की चेतावनी जारी की है। इसके तहत राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। विभाग ने प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में अलर्ट जारी किया है, साथ ही लोगों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
तेज बारिश से बदलेगा मौसम का मिजाज
आईएमडी के मुताबिक, पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में 25 जुलाई को मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। जिन जिलों में भारी बारिश की आशंका है, उनमें बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों में जलभराव, सड़क अवरोध और आवागमन में बाधा जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। अलर्ट में शामिल जिलों में कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या और जालौन जैसे नाम भी शामिल हैं।
सावधानी ही सुरक्षा, ये करें और इनसे बचें
मौसम विभाग ने जनता से अपील की है कि गरज-चमक और बारिश के दौरान खुले में ना निकलें। खेतों, बिजली के खंभों या पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें। सुरक्षित स्थानों पर रहें, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सावधानी से प्रयोग करें और मौसम अपडेट्स पर नज़र बनाए रखें।
















