नारायणपुर नहर की पटरी टूटी, घरों में घुसा पानी, प्रशासन ने संभाला मोर्चा
चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के नारायणपुर नहर स्थित गोधना नई बस्ती में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब नहर में पानी का स्तर बढ़ने से पटरी टूट गई। इससे आसपास के कई घरों में पानी भर गया और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जैसे ही मामला संज्ञान में आया, जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर जिलाधिकारी (वि०रा०) राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर अनुपम मिश्रा सहित NHAI व संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा नहर की कटान को बंद कराने और क्षतिग्रस्त मार्ग को फिर से जोड़ने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
राहत व बचाव कार्य जारी
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन घरों में पानी घुस गया है, वहां से पानी निकालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। साथ ही NDRF की रेस्क्यू टीम, मेडिकल टीमें, एवं राजस्व विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। राहत शिविरों में लोगों को पहुंचाने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है।
पशुओं के लिए भी व्यवस्था
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के निर्देशन में प्रभावित क्षेत्रों से पशुओं को गौ आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके लिए कैंडल कैचर की मदद ली जा रही है।
जिलाधिकारी की अपील – सतर्क रहें, सहयोग करें
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे पूरी सतर्कता बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई के राय, उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा, क्षेत्राधिकारीगण, आपदा राहत टीम, NHAI, एवं सभी डिविजन के अधिशासी अभियंता सहित प्रशासन की सभी टीमें मौके पर मौजूद रहीं।
यह त्वरित कार्रवाई न सिर्फ प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है बल्कि आपदा प्रबंधन की चुस्ती का भी परिचायक है। राहत कार्यों की मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है और जिला प्रशासन हर स्थिति से निपटने को तैयार है।


















